जगदलपुर, 22 जुलाई (आरएनएस)। बस्तर पुलिस ने केंद्रीय जेल जगदलपुर से फरार दंडित बंदी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। करीब चार माह से फरार चल रहे महेंद्र दीवान (25) को नारायणपुर जिले से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी 5 वर्ष 3 माह की सजा भुगत रहा था और पहले भी दंतेवाड़ा जेल तथा इलाज के दौरान अस्पताल से फरार हो चुका था।
पुलिस के अनुसार महेंद्र दीवान, पिता फूलदास दीवान, निवासी चितालंका कलारपारा, थाना सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा, दंतेवाड़ा के अपराध क्रमांक 104/2024 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(5) के तहत दोषसिद्ध होने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, दंतेवाड़ा द्वारा 5 वर्ष 3 माह के कारावास की सजा सुनाई गई थी। आरोपी 4 जनवरी 2026 को जिला जेल दंतेवाड़ा से स्थानांतरित होकर केंद्रीय जेल जगदलपुर में निरुद्ध था।
पुलिस ने बताया कि 25 मार्च 2026 को आरोपी केंद्रीय जेल जगदलपुर से फरार हो गया था, जिसके बाद कोतवाली जगदलपुर में अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ कांकेर, दंतेवाड़ा और परपा थाना क्षेत्र में चोरी के अन्य मामले भी लंबित हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बस्तर श्री शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार धोत्रे तथा उप पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) अमित देवांगन के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक भोलासिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
लगातार तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम को जानकारी मिली कि फरार बंदी नारायणपुर जिले में छिपा हुआ है। इसके बाद टीम ने एक सप्ताह तक नारायणपुर में कैंप कर निगरानी की और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुन: जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मी
साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक भोलासिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक मौसम गुप्ता, आरक्षक माहंगु राम एवं आरक्षक कृष्ण कुमार नेताम ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

