शमिक केंद्रीय, सौमित्र खां राज्य व सुकांत बन सकते हैं कैबिनेट मंत्री
कोलकाता 22 जुलाई (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल की राजनीति और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अंदरूनी गलियारों में केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कयासों का बाजार बेहद गर्म हो गया है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, बंगाल से बीजेपी के तीन प्रमुख चेहरों, राज्य प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य और बिष्णुपुर से सांसद सौमित्र खां को केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। शमिक भट्टाचार्य के संभावित केंद्रीय मंत्री बनने की खबर के साथ ही यह सवाल भी उठने लगा है कि पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी। फिलहाल पार्टी की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा सांसद सौमित्र खां को केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार को इस बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलने की भी चर्चा है।
हालांकि, इन सभी दावों और चर्चाओं पर अंतिम मुहर केंद्र सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही लगेगी। फिलहाल भाजपा के अंदर संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में बंगाल के इन तीन चेहरों को जगह देकर बीजेपी राज्य के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह फूंकना चाहती है। उत्तर बंगाल, दक्षिण बंगाल और राढ़ क्षेत्र— तीनों क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को केंद्र में जगह देकर आगामी चुनावों से पहले एक मजबूत संदेश देने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक बीजेपी आलाकमान की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन दिल्ली में बैठकों के दौर के बीच कोलकाता में भी इसको लेकर हलचल तेज हो गई है।

