श्रीनगर ,22 जुलाई (आरएनएस )। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 जुलाई कर दी है। पहले यह तिथि 21 जुलाई थी। विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) प्रो. ओपी गुसाईं की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि विश्वविद्यालय परिसरों एवं संबद्ध महाविद्यालयों/संस्थानों में संचालित स्नातक पाठ्यक्रमों (इंटीग्रेटेड एमबीए, बीए एलएलबी, लोक नृत्य डिप्लोमा तथा लोक संगीत डिप्लोमा) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अब 23 जुलाई की रात 11:55 बजे तक किया जा सकेगा। विवि ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से आयोजित सीयूईटी-यूजी 2026 में शामिल अभ्यर्थी जो इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक हैं उन्हें निर्धारित समय सीमा में समर्थ पोर्टल पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य रूप से करना होगा।
सामुदायिक मिलन केंद्र का ताला खुलवाने की मांग
श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)। पूर्व सैनिक सेवा कल्याण समिति श्रीकोट गंगानाली की बैठक में कारगिल शौर्य दिवस के संदर्भ में विचार विमर्श किया गया। इस मौके पर सामुदायिक मिलन केंद्र पर ताला तोड़कर दूसरा ताला जड़ दिए जाने पर पूर्व सैनिकों ने रोष जताया। कहा गया कि इस मामले में उप जिलाधिकारी व नगर आयुक्त को भी पत्र दिया गया था लेकिन पत्र का कोई जवाब नहीं मिला। संगठन के अध्यक्ष दर्शन सिंह भंडारी ने कहा कि संगठन की ओर से 26 जुलाई को शौर्य दिवस मनाया जाना है लेकिन उसके लिए उनके पास कोई जगह नहीं है। उन्होंने प्रशासन से सामुदायिक मिलन केंद्र खुलवाने की मांग की। कहा यदि ताला नहीं खुलता तो पूर्व सैनिक अपने स्तर से अग्रिम कार्रवाई करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।

