चमोली,22 जुलाई (आरएनएस )। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना के फील्ड सर्वे का कार्य सितंबर माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्दियों में प्रतिकूल मौसम और दुर्गम परिस्थितियां शुरू होने से पहले सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं ताकि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न हो। बृहस्पतिवार को जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने पिटकुल, बीआरओ, एनएचआईडीसीएल, यूएसडीए, लोनिवि तथा हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना से जुड़े भूमि हस्तांतरण मामलों की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि रोपवे परियोजना का लिडार (लाइट डिटेक्शन एंड रेंजिंग) सर्वे पूरा हो चुका है तथा गोविंदघाट से घांघरिया तक अलाइनमेंट भी तैयार कर लिया गया है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। डीएम ने हाटसारी क्षेत्र में लंबित भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए टीएचडीसी और पिटकुल की संयुक्त बैठक करने के निर्देश दिए। नंदानगर क्षेत्र से जुड़े भूमि हस्तांतरण मामले में 10 दिनों में प्रस्ताव तैयार करने को कहा। साथ ही बीआरओ से संबंधित सिमली-ग्वालदम, ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी, माणा पास, ज्योतिर्मठ-सुराईथोटा और कुरकुटी-गमशाली मार्गों के भूमि हस्तांतरण मामलों में भी प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि अभिलेखों से जुड़ी औपचारिकताओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में एडीएम विवेक प्रकाश, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे जबकि सभी एसडीएम वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

