बिलासपुर, 22 जुलाई (आरएनएस)। हिर्री थाना पुलिस ने ट्रैक्टर दुर्घटना में दो लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने के मामले में आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम मेड़पार-बाजार स्थित मोतीलाल जायसवाल के खेत में ट्रैक्टर पलटने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि कुछ अन्य लोग घायल हो गए हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान दुर्घटना में शामिल बिना नंबर के ट्रैक्टर और ट्रॉली को जब्त किया गया।
मामले में ट्रैक्टर चालक चन्द्रशेखर पटेल (26 वर्ष), निवासी मेड़पार-बाजार, थाना हिर्री, जिला बिलासपुर के खिलाफ जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) एवं 105 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
हिर्री पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

