रायपुर 23 Jully (Rns) । भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव के दौरान हुए विवाद के मामले में पुलिस ने एक और प्राथमिकी दर्ज की है। इस बार खम्हारडीह थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश कुमार गौतम की शिकायत पर कांग्रेस के 12 नामजद नेताओं और अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव कार्यक्रम के दौरान राजीव भवन के सामने सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यालय की ओर से प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ता बैरिकेडिंग की तरफ बढ़े। पुलिस का कहना है कि उन्हें रोकने और समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की।
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि स्थिति तनावपूर्ण होने पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी के टुकड़े और जूते फेंके। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में उप निरीक्षक देवराज सिंह के सिर में चोट आई, जबकि महिला आरक्षक सीमा बंजारे के हाथ में चोट लगी। इसके अलावा अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आने की बात कही गई है।
इस मामले में कांग्रेस नेताओं सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा और अमित तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत शासकीय कार्य में बाधा, बल प्रयोग और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने से जुड़े आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग, फोटोग्राफ और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान यदि अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है, तो उन्हें भी मामले में शामिल किया जा सकता है।
वहीं, मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से पहले ही पुलिस कार्रवाई और भाजपा के आरोपों पर अपना पक्ष रखा गया है। घटना की जांच जारी है और पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

