धमतरी, 23 जुलाई (आरएनएस)। आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने डायल-112 सेवा की कार्यक्षमता और रिस्पांस टाइम का आकस्मिक परीक्षण किया। सरप्राइज चेकिंग के दौरान डायल-112 की टीम ने महज 5 मिनट में मौके पर पहुंचकर अपनी तत्परता का परिचय दिया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर आयोजित इस परीक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने सड़क दुर्घटना की काल्पनिक सूचना डायल-112 कंट्रोल रूम को देकर टीम की प्रतिक्रिया क्षमता परखी।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तुरंत सक्रिय हुई और केवल पांच मिनट के भीतर बताए गए घटनास्थल पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचे एएसपी शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने टीम के रिस्पांस टाइम, कार्यप्रणाली और समन्वय का निरीक्षण किया तथा त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी इसी प्रकार संवेदनशीलता, सतर्कता और तत्परता के साथ आम नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, सड़क दुर्घटना, अपराध या अन्य सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल डायल-112 पर कॉल करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि धमतरी पुलिस 24 घंटे आमजन की सुरक्षा और सेवा के लिए पूरी तरह तत्पर है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

