हरिद्वार,09 नवंबर (आरएनएस)। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती पर रविवार को काली सेना के कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार के भूपतवाला में गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर देवभूमि को स्वच्छ और संस्कारित बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद संगठन ने देवभूमि जागृति वर्ष का संकल्प पत्र जारी किया। शांभवी धाम आश्रम में काली सेना प्रमुख स्वामी आनंद स्वरूप ने प्रेस वार्ता कर कहा कि उत्तराखंड केवल एक भौगोलिक प्रदेश नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, साधना और सेवा की भूमि है। काली सेना समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट कर देवभूमि के गौरव की रक्षा में जुटी है। इसलिए 25वें उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर संगठन ने देवभूमि जागृति वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि अगले एक वर्ष में धार्मिक, सामाजिक और जनजागरण से जुड़े कार्यक्रम हर जिले में आयोजित किए जाएंगे। जिसका उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना, सेवा भावना और नैतिकता का प्रसार करना है। संकल्प पत्र में मांस और मदिरा के दुष्प्रभावों पर जनजागरण: सभी जिलों में सभाएं और यात्राएं निकाली जाएंगी। पलायन रोकने के लिए पहाड़ के युवाओं को स्वरोजगार और प्रशिक्षण देकर गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। हर गांव में मासिक बैठकें आयोजित कर सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को प्रोत्साहित किया जाएगा और 10 लाख सक्रिय कार्यकर्ता और सवा लाख काली सैनिक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी व्यापारियों के प्रतिष्ठानों के बाहर मूल नाम और प्रोपराइटर का नाम लिखा जाए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

