हरिद्वार,09 नवंबर (आरएनएस)। ज्वालापुर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार को रोकना बुजुर्ग और उसके बेटे को भारी पड़ गया। आरोप है कि गाड़ी रोकने से नाराज तीन युवकों ने घर पहुंचकर पिता-पुत्र पर डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। घटना में दोनों घायल हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, आदर्श नगर निवासी भगवान प्रसाद ने दी तहरीर में बताया कि सात नवंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इस दौरान एक कार गली में तेज रफ्तार से गुजरी। उन्होंने चालक को रफ्तार नियंत्रित करने की हिदायत दी तो कार में सवार दो युवक उतर आए और उनसे बहस करने लगे। इसी बीच उनका बेटा सुशांत भी मौके पर पहुंच गया और कार के नंबर का मोबाइल से फोटो खींच ली। इसके बाद युवक वहां से चले गए। भगवान प्रसाद ने बताया कि करीब आधे घंटे बाद तीन युवक डंडे और पत्थर लेकर उनके घर पहुंचे। दरवाजा खटखटाने पर जब बेटे ने दरवाजा खोला तो तीनों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे भगवान प्रसाद के माथे पर वार कर दिया गया, जिससे उनकी बाईं आंख के ऊपर गहरा घाव हो गया। बेटा सुशांत भी गंभीर रूप से घायल हो गया, उसकी दो उंगलियां टूट गईं और सिर पर चोट आई। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

