फिरोजपुर ,09 नवंबर(आरएनएस)। फिरोजपुर कैंट में गोल्डन ऐरो डिविजन की तरफ से आयोजित फिरोजपुर बार्डर मैराथन-2025 में बतौर विशेष मेहमान फ्लैग ऑफ करने पहुंचे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव, ओलंपियन और विधायक पद्मश्री परगट सिंह ने आर्मी के इस प्रयास की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि एक तरफ से जहां पंजाब सरकार नशे में फंस कर जवानी गवां रहे युवाओ को बचाने के लिए उदासीन है, वहीं आर्मी के इस प्रयास से हजारों युवाओं को अच्छी सेहत का संदेश दिया जा रहा है। यह मैराथन शहीद जवानों की शहादत को सलाम भी करती है।
उन्होंने कहा कि आर्मी की तरफ से आयोजित 5 और 10 किलोमीटर की हॉफ मैराथन को लेकर युवा भी बहुत उत्साहित थे। इस तरह के प्रयास से हम अपने युवाओं को नशे जैसे कलंक से बचाकर देश को आगे ले जा सकेंगे। हुसैनीवाला बार्डर के साथ-साथ दौड़ लगाकर युवाओं ने अच्छी सेहत के लिए जागरूक किया। जिसमें आर्मी के बड़े-बड़े अधिकारियों और राजनेताओं ने भी भाग लिया।
ओलंपियन और पद्मश्री परगट सिंह ने कहा कि बार्डर एरिया पर सरकारों को ध्यान देने की जरूरत है। फिरोजपुर बार्डर के आसपास के गांवों के लोगों को अच्छी शिक्षा और अच्छी सेहत सुविधाओं के साथ-साथ रोजगार और विकास की बहुत जरूरत है। अभी हालात यह हैं कि बार्डर एरिया पर युवा नशे की दलदल में फंसा हुआ है और वे खुद नशा तस्करी भी कर रहे हैं। सरकार बार्डर एरिया को विकसित करने के लिए काम करे, ताकि इन इलाकों के लोगों को जीवन स्तर भी अच्छा हो सके। तभी युवा और देश तरक्की कर सकेंगे।
पूर्व शिक्षा मंत्री परगट सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार सिर्फ युद्ध नशे विरुद्ध जैसे नारे लगाकर पंजाबियों की आंखों में धूल झोंक रही है। सरकार नशे को कुछ महीने में खत्म करने का दावा करती आ रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि हर रोज बार्डर एरिया में कई युवा नशे की भेंट चढ़ रहे हैं। नशा तस्करी की चेन को तोड़ पाने में भी सरकार कामयाब नहीं हुई है।
वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सरकार बुरी तरह फेल साबित हुई है। आप सरकार ने पंजाब को पुलिस स्टेट बनाकर रख दिया है। पंजाब में आए दिन मर्डर और गोलियां चलने जैसे घटनाएं आम हो चुकी हैं। ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब पंजाब में कहीं गोली न चले और मर्डर न हो। आम आदमी पार्टी की सरकार को नशे और अपराध के खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

