भोपाल9 नवंबर (आरएनएस)।निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा है कि स्वदेशी के माध्यम से युवाओं को रोजगार के नये अवसर प्रदान कर स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देकर देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना हम सबका सामूहिक कर्तव्य है। सूर्यवंशी ने यह विचार मोतीलाल विज्ञान परिसर में आयोजित स्वदेशी मेले का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किए। सूर्यवंशी ने स्वदेशी मेले का भारत माता एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण किया एवं दीप प्रज्ज्वलित कर स्वदेशी मेले का उद्घाटन किया।
निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने रविवार को राजधानी के मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय (एम.वी.एम.) ग्राउंड में आयोजित स्वदेशी मेले का मुख्य अतिथि के रूप में शुभारंभ किया। सूर्यवंशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वदेशी का मूल भाव केवल स्थानीय उत्पादों का उपयोग ही नहीं बल्कि देश की आर्थिक सुदृढ़ता व आत्मनिर्भरता के साथ ही स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करना भी है। सूर्यवंशी ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देकर हम अपने देश के युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर उपलब्ध करा रहे है साथ ही हमारे स्थानीय कारीगर व उद्यमियों तथा स्टार्टअप की संस्कृति को बढ़ावा भी दे रहे है ताकि हमारा देश आर्थिक रूप से सुदृढ़ बने यही हम सबका सामूहिक कर्तव्य भी है।
स्वदेशी मेले के शुभारंभ उपरांत निगम अध्यक्ष सूर्यवंशी ने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर स्वदेशी उत्पादों के संबंध में जानकारी प्राप्त की और स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों में भी अपना हाथ बटाया। इस मौके पर आयोजकों द्वारा सूर्यवंशी का सम्मान भी किया गया। मेले के शुभारंभ अवसर पर आयोजन समिति के मुकेश मिश्रा, राजेश पांडे, राकेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में उद्यमी, स्थानीय कारीगर व गणमान्य नागरिक मौजूद थे।


















