दतिया 9 नवंबर (आरएनएस)। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार विधिक सेवा दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दतिया द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से जिला मुख्यालय पर आज रविवार को प्रात: 8 बजे भव्य वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव श्रीवास्तव, कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े तथा पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के साथ स्टेडियम ग्राउंड से वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया और स्वयं भी इसमें सहभागिता की।
वॉकथॉन का उद्देश्य जनता में विधिक जागरूकता बढ़ाना और न्याय तक सभी की सुगम पहुंच को सुनिश्चित करना रहा। सुबह के समय सैकड़ों की संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और आम नागरिक जोश व उत्साह के साथ इस वॉकथॉन में शामिल हुए। प्रतिभागियों ने सबके लिए न्याय एवं कानूनी सहायता हर व्यक्ति का अधिकार जैसे नारों के माध्यम से लोगों को विधिक ज्ञान का महत्व बताया।
वॉकथॉन का समापन पुराने कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ जहां न्यायाधीश श्रीवास्तव, कलेक्टर वानखड़े और पुलिस अधीक्षक वर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जागरूकता प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इन प्रदर्शनी स्टॉल्स में महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और अन्य सरकारी संस्थाओं ने अपने-अपने सूचना स्टॉल लगाकर जनसामान्य को सरकारी योजनाओं एवं कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित रंगारंग नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया गया, जिसमें महिला अधिकारों, घरेलू हिंसा, बाल संरक्षण एवं कानूनी सहायता सेवाओं से संबंधित संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। उपस्थित जनसमूह ने इस प्रस्तुति की सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि विधिक सेवा दिवस का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्यायिक जागरूकता पहुंचाना है ताकि कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से सामाजिक न्याय और विधिक साक्षरता फैलाने के लिए सहयोग का आह्वान किया।


















