भोपाल10 नवंबर (आरएनएस)। राजधानी भोपाल में एक मॉडल की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। मॉडल का बॉयफ्रेंड सोमवार तड़के इंदौर रोड भैंसाखेड़ी के एक अस्पताल में युवती को छोड़कर भाग गया।
युवती की मौत की सूचना डॉक्टरों ने पुलिस को दी। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। युवक सीएनजी ऑटो से युवती को लेकर पहुंचा था। इसका वीडियो भी सामने आया है।
मृतका के परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है। युवती के प्राइवेट पार्ट सहित कंधे और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, खुशबू अहिरवार उर्फ खुशी वर्मा (27) कासिम नाम के युवक के साथ लिव-इन-रिलेशन में रह रही थी। कासिम उसे अस्पताल में भर्ती कराने के बाद भाग गया। अस्पताल की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की शुरुआती जांच में आया है कि युवती मंडीबामोरा की रहने वाली थी और कासिम नाम के एक युवक के साथ भानपुरा करोद छोला मंदिर में साथ में रह रही थी। कासिम ने ही उसे अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। युवती लोकल ब्रांड के मॉडलिंग करने जानकारी मिली और सोशल मीडिया के अलग-अलग माध्यमों पर सक्रिय थी। उसका सोशल मीडिया के माध्यम इंस्टाग्राम पर ही करीब 12 हजार फालोअर्स हैं। इस पर फोटो साझा किया करती थी।
मॉडल का बॉयफ्रेंड कासिम युवती को हरे रंग के सीएनजी ऑटो से अस्पताल लेकर पहुंचा था। अकेला स्ट्रेचर पर खुशबू को लिटाने के बाद अंदर ले गया। यहां कासिम ने अस्पताल रिकार्ड में स्वयं को खुशबू का दोस्त बताया। साथ ही अपना मोबाइल नंबर भी दिया। आरोपी ने युवती के परिजनों को भी कॉल किया और बताया कि उज्जैन से लौटते समय बस में खुशबू अचानक से अकडऩे लगी, उसे अस्पताल पहुंचाया। यहां उसकी मौत हो गई।
मृतका की मां लक्ष्मी अहिरवार ने बताया कि तीन दिन पहले कासिम ने कॉल किया था। उसने बताया था कि मैं मुसलमान हूं…लेकिन आपकी बेटी मेरे साथ है। आप फिक्र मत करो। मैं उसे साथ लेकर उज्जैन जा रहा हूं।
बेटी ने भी बात कर बताया था कि आप फिक्र मत करो, कासिम अच्छा लड़का है, मैं उसके साथ हूं। आप परेशान मत होना। बाद में हमें पता लगा कि बेटी कासिम के साथ रिलेशन में थी। बेटी को वही चिरायु अस्पताल लेकर पहुंचा था। उसी ने बेटी का मर्डर किया है।
मां ने कहा कि पुलिस बता रही है कि दोनों उज्जैन से भोपाल आ रहे थे। रास्ते में बेटी की तबीयत बिगड़ी तो कासिम ही उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। बेटी को बेसुध देखने के बाद वह भाग गया। हमें इंसाफ चाहिए, बेटी की हत्या करने वाले को सख्त सजा मिलना चाहिए।
मां लक्ष्मी अहिरवार ने कहा उसकी बॉडी पर चोटों के निशान हैं। जगह-जगह नीले निशान पड़े हैं। चेहरे पर सूजन है। यहां तक की प्राइवेट पार्ट पर भी चोट के निशान हैं। निर्मम तरीके से पीट-पीटकर बेटी की हत्या की गई है।

