भोपाल 10 नवंबर (आरएनएस)।नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नगरीय निकायों में सीवेज एवं पेयजल की बेहतर व्यवस्था हेतु प्रारंभ की गई अमृत योजना के तहत भोपाल शहर में सीवेज संबंधी कार्यों के पूर्ण होने पर अपना शहर सीवेज समस्या से मुक्त हो जाएगा। निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी यह विचार गीतांजलि काम्प्लेक्स स्थित सोनिया गांधी परिसर में नगर निगम द्वारा संचालित अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत सीवेज नेटवर्क स्थापित करने के कार्यों हेतु भूमिपूजन करते हुए व्यक्त किए।
निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने सोमवार को वार्ड क्र. 28 के अंतर्गत गीतांजलि काम्प्लेक्स स्थित सोनिया गांधी परिसर क्षेत्र में सीवेज नेटवर्क संबंधी कार्यों हेतु भूमिपूजन किया। सूर्यवंशी ने इस अवसर पर उपस्थितजन को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में आवश्यक नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं विकास हेतु सतत प्रयास किए जा रहे है। सूर्यवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई महत्वकांक्षी योजना अमृत 2.0 के माध्यम से शहर के सभी क्षेत्रों में सीवेज व पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। सूर्यवंशी ने कहा कि गीतांजलि काम्प्लेक्स सोनिया गांधी परिसर सहित आसपास की घनी बस्तियों में सीवेज नेटवर्क स्थापना से यहां के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा और पूरा क्षेत्र साफ-स्वच्छ नजर आएगा। सूर्यवंशी ने कहा कि अमृत 2.0 योजना के पूर्ण होने पर भोपाल शहर सीवेज समस्या से मुक्त होगा। सूर्यवंशी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि भोपाल शहर के सभी तालाबों के पानी को भी साफ, स्वच्छ पानी के तालाब बनायेंगे इस हेतु शाहपुरा, चार इमली सहित अन्य तालाबों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों की स्थापना भी की जा रही है।
सूर्यवंशी ने नागरिकों का आव्हान किया कि वह शहर को साफ, स्वच्छ बनाए रखने में अपनी सहभागिता दर्ज कराएं और कचरा इधर-उधर न फेंके बल्कि कचरा गाड़ी वाले को ही दे। सूर्यवंशी ने कहा कि स्वच्छता में सहभागिता से गीतांजलि काम्प्लेक्स क्षेत्र भोपाल की सबसे स्वच्छ कालोनी बनेगी और अपना शहर भोपाल देश का सबसे स्वच्छ शहर भी बन जाएगा।

