रायपुर, 11 नवंबर (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में खाद्य विभाग में पदस्थ रहे रिटायर्ड असिस्टेंट फूड ऑफिसर संजय दुबे के खिलाफ एक महिला ने रेप और जान से मारने की धमकी देने का मामला आरंग थाना में दर्ज करवाया है। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पीडि़ता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि संजय दुबे ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और मामले को उजागर करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की पतासाजी शुरू कर दी है। फिलहाल संजय दूबे फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बता दें कि खाद्य अधिकारी रहे संजय दुबे कई बार विवादों में घिरे रहे हैं। वे पूर्व में भी दो अलग-अलग मामलों में जेल जा चुके हैं। पहला मामला रिश्वतखोरी से जुड़ा था, जब उन्हें खाद्य विभाग में पदस्थ रहते रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। दूसरी बार वे महात्मा गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के कारण सुर्खियों में आए थे। सोशल मीडिया पर उनके विवादित बयान के बाद उनके खिलाफ आईटी एक्ट और धार्मिक भावना आहत करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद उन्हें जेल भेजा गया था।
लोकेश
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

