रायपुर, 11 नवंबर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के अंदरूनी इलाकों में चल रही मुठभेड़ में सुरक्षाबलों द्वारा 6 नक्सलियों को ढेर कर दिये जाने की सूचना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुष्टि करते हुए अपने सोशल मिडिया अकाउंट में पोस्ट किया है कि डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप) और एसटीएफ (स्पेशल टास्क फ ोर्स) की संयुक्त कार्रवाई में अब तक 6 नक्सली मारे गए हैं। मुख्यमंत्री ने इसे लाल आतंक के समूल नाश की दिशा में बड़ी सफलता बताया है और जवानों के साहस की सराहना की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज बीजापुर में हमारी पुलिस की डीआरजी और एसटीएफ की संयुक्त टीम नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में लगी हुई है। इस मुठभेड़ में अब तक 6 नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए हैं। यह सुरक्षाबलों की बहादुरी और समर्पण का प्रतीक है। मैं सभी जवानों को सलाम करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, हमारा संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक देश और प्रदेश से नक्सलवाद का अंत किया जाएगा। आज की कार्रवाई उसी दिशा में एक बड़ा कदम है। नक्सलवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है।
000

