रायगढ़, 11 जून (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस ने जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से अपराध से अर्जित 2,750 नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने सोनकरपारा निवासी 31 वर्षीय सतीश गोरख को गिरफ्तार किया है, जो 6.168 किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले में फरार था।
गौरतलब है कि 25 मई 2026 को साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बीड़पारा स्थित एक मकान में छापेमारी कर 6.168 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। इस कार्रवाई में बीड़पारा निवासी इरशाद खान को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने बताया था कि वह अपने साढ़ू मोहम्मद वसीम के साथ मिलकर गांजा की बिक्री करता है। बाद में पुलिस ने मोहम्मद वसीम को भी गिरफ्तार किया था।
जांच के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया था कि गांजा ओडिशा से सतीश गोरख उपलब्ध कराता था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। 10 जून को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सतीश गोरख ने स्वीकार किया कि वह बकरी-बकरों के व्यापार के सिलसिले में ओडिशा जाता था और 23 मई को ओडिशा के कनकतुरा क्षेत्र से एक अज्ञात व्यक्ति से छह पैकेट गांजा खरीदकर लाया था। उसने यह गांजा मोहम्मद वसीम को बिक्री के लिए दिया था। आरोपी ने बताया कि गांजा बिक्री से उसे 30,000 प्राप्त हुए थे, जिनमें से 2,750 शेष थे, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन तथा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
0

