गौरेला-पेण्ड्रा- मरवाही, 11 नवम्बर (आरएनएस)। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के दौरान लापरवाही बरतने वाले सात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख दिखाया है। प्रशासन ने सभी बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश पर जिले में 4 नवंबर से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान प्रत्येक बीएलओ को अपने क्षेत्र में मतदाताओं तक पहुंचकर फॉर्म-6, 7 और 8 का वितरण करने, नए मतदाताओं के नाम जोडऩे और आवश्यक संशोधन करने का जिम्मा सौंपा गया था। लेकिन जिला निर्वाचन कार्यालय को यह शिकायतें मिलीं कि कुछ बीएलओ अपने क्षेत्र में समय पर नहीं पहुंचे और न ही उन्होंने पोर्टल पर मतदाता सूची से संबंधित अद्यतन जानकारी अपलोड की। जांच में लापरवाही की पुष्टि होने पर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किए। जिन बीएलओ को नोटिस दिए गए हैं, उनमें शामिल हैं — कुसुमलता नागेश (माध्यमिक शाला मांझीटोला, केंद्र क्रमांक 11 सारबहरा), सुशीला जायसवाल (शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला गौरेला, केंद्र क्रमांक 17 गौरेला), ज्योति साहू (मिश्री देवी कन्या माध्यमिक शाला गौरेला, केंद्र क्रमांक 23 गौरेला), संघवीमाला मनहर (माध्यमिक शाला भर्रापारा, केंद्र क्रमांक 35 पेण्ड्रा), इंद्रा कुशराम (शासकीय माध्यमिक शाला ठाड़पथरा, केंद्र क्रमांक 58 दुर्गाधारा), दिनेश विश्वकर्मा (केंद्र क्रमांक 105 नेवसा) और सरिता गुप्ता (केंद्र क्रमांक 106 नेवसा)। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर हैं और इनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह कार्रवाई जिले के अन्य बीएलओ के लिए भी चेतावनी है कि वे अपने कार्य को पूर्ण निष्ठा और समयसीमा के भीतर पूरा करें।
०

