भोपाल 11 नवंबर (आरएनएस)।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को भोपाल स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भोपाल-सीहोर लोकसभा क्षेत्र में निकाले जा रहे यूनिटी मार्च को संबोधित कर झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही। सरदार पटेल ने अनेकों रियासतों को एक करते हुए अखंड भारत की नींव रखी। सरदार पटेल ने देश की विविधता को एकता के सूत्र में पिरोया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश को एक करने का काम किया। सरदार पटेल के हाथों में नेतृत्व होता तो शायद हम आजादी के बाद चीन-अमेरिका के समकक्ष होते। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में कटहल और आम के पौधे रोपे। यूनिटी मार्च कार्यक्रम को सांसद आलोक शर्मा ने भी सम्बोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आजादी के समय सरदार पटेल ने पाकिस्तान की घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए देश को सुरक्षित रखा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया के सामने जिस मजबूती के साथ खड़ा है, उसमें सबसे बड़ी भूमिका सरदार पटेल की रही है। सरदार पटेल की 150वीं जयंती में उनके गौरवशाली कार्यों का स्मरण करने के लिए प्रदेश में यूनिटी मार्च का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और पुलिस बैंड द्वारा बजाई जा रही देशभक्ति गीतों की धुनों के बीच आसमान में तिरंगे बैलून छोड़े। सामूहिक समवेत स्वर में वंदे मातरम का गान हुआ। यूनिटी मार्च में 2 हजार से अधिक युवाओं ने भाग लिया।
अखंड भारत के लक्ष्य से युवा पीढ़ी को अवगत कराने के लिए गतिविधियां जारी-हेमंत खण्डेलवाल==
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ऐसी शख्सियत थे, जिन्होंने देश को एक करने का काम किया और 500 से ज्यादा रियासतों को देश में मिलाया। अगर सरदार पटेल के हाथों में उस दौर में देश का नेतृत्व होता तो देश बहुत तरक्की करता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की अर्थव्यवस्था को 11वें से चौथे नंबर पर लेकर आए हैं। हमें सरदार वल्लभ भाई पटेल के विचारों को इस अभियान के माध्यम से आगे बढ़ाने का अवसर मिला है और हमें युवा पीढ़ी तक इसे लेकर जाना है। हमारा देश दुनिया में बुलंदियों पर जाए, इसी बात को ध्यान में रखकर हमें आगे बढऩा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज सरदार पटेल के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के विचारों को धरातल पर उतारा जा रहा है। यदि हम सब उनके बताए मार्ग पर चलकर एकता, परिश्रम और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर काम करेंगे तो भारत न केवल सशक्त बनेगा, बल्कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य भी प्राप्त हो जाएगा।
इस अवसर पर विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, पूर्व सांसद आलोक संजर, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह एवं नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी उपस्थित रहे।

