श्रावस्ती 12 नवंबर (आरएनएस )। जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में धान खरीद के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान ज्ञात हुआ कि वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य योजना के तहत जनपद का कुल 45,000 मीट्रिक टन धान की खरीद का लक्ष्य है, जिसके सापेक्ष क्रय एजेन्सियों के मध्य क्रय लक्ष्य का बंटवारा करा दिया गया है। जनपद में अबतक कुल 126 किसानों से 487 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है तथा सभी किसानों का भुगतान भी कर दिया गया है। इसके अलावा 11.11.2025 तक कुल 2621 किसानों द्वारा पंजीकरण कराया गया है, जिसमें तहसील भिनगा में 1382, इकौना में 805 एवं जमुनहा में 434 किसानों द्वारा पंजीकरण कराया गया है। 2621 किसानों के सापेक्ष कुल 1544 किसानों का सत्यापन हो चुका है। जिस पर जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाते हुए धान खरीद में तेजी लाने का निर्देश दिया है। धान क्रय अवधि 01 नवम्बर 2025 से 28 फरवरी, 2026 तक निर्धारित है। इस वर्ष धान का समर्थन मूल्य कामन धान 2369 रू0 प्रति कु0 एवं ग्रेड-ए धान-2389 रू0 प्रति कु0 रखा गया है।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी धान क्रय केन्द्र समय से खोले जाएं, जिससे अधिकतम किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने सभी केन्द्र प्रभारियों तथा राइस मिलर्स को निर्देशित किया कि सी0एम0आर0 सम्प्रदान में तेजी लायी जाए, जिससे केन्द्रों पर भण्डारण की समस्या उत्पन्न न हो तथा केन्द्रों पर लक्ष्य के अनुरूप खरीद हो उन्होने अपर जिलाधिकारी(वि0ध्रा0) एवं जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देश दिया है कि लापरवाही बरतने वाले केन्द्र प्रभारियों तथा राइस मिलर्स के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही कराना सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि सभी धान क्रय केन्द्रों पर बोरों की उपलब्धता, ई-पॉश मशीन, नमी मापक यंत्र, कृषकों को भुगतान की स्थिति, केन्द्र पर तिरपाल पॉलीथीन की उपलब्धता, सामियाना, तख्त, दरी, पीने का पानी आदि की व्यवस्था की गई है। जिससे धान बेचने आये किसानों को कोई दिक्कत न होने पाये। जनपद में खाद्य विभाग के 08, पी0सी0एफ0 के 25 एवं भारतीय खाद्य निगम के 01, कुल 34 धान क्रय केन्द्र स्थापित किये गये है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

