भोपाल 12 नवंबर (आरएनएस)।राजधानी के सबसे हाई प्रोफाइल और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके चार इमली में एक बार फिर से सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। यहां डिप्टी कलेक्टर अल्का सिंह वामनकर के सूने सरकारी मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के जेवरात और महंगी घडिय़ां चोरी कर लीं।
हबीबगंज थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आरोपियों के संबंध में कोई पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि उनके घर में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं।
थाना प्रभारी संजीव चौकसे के मुताबिक अलका सिंह चार इमली में स्थित अपने सरकारी आवास में रहती हैं। करीब 15 दिन पहले पति के उपचार के सिलसिले में केरल गई थीं। इस दौरान मकान में ताले लगे हुए थे और गार्ड भी नहीं थे। अलका सिंह वर्तमान में राजस्व आयुक्त कार्यालय में डिप्टी कलेक्टर के पद पदस्थ हैं।
अलका सिंह के सूने मकान से बैडरूम की अलमारी में रखा 10 तोला सोना, कीमती घडिय़ों का कलेक्शन और अन्य सामान चोरी कर लिया। मंगलवार को जब वे घर लौटीं तो चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक किए जा रहे हैं।
अलका सिंह के पति मिथलेश वामनकर को बोलने में दिक्कत होती है। इसी का इलाज कराने अलका 3 नवंबर को परिवार सहित केरल गई थीं। सोमवार (10 नवंबर) की दोपहर जब वे घर लौटीं तो गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सोने-चांदी के लाखों रुपए के जेवरात गायब थे।
घटना की खबर लगते ही पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी पहुंच गई, जहां पुलिस ने पड़ताल की। इसके बावजूद पुलिस को आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। इस मामले में पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है। जिनसे पुलिस पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस का कहना है जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

