बिलासपुर, 13 नवम्बर (आरएनएस)। न्यायधानी बिलासपुर के बृहस्पति बाजार स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में बीती रात अफरा-तफरी का माहौल तब बन गया जब एक फल गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते अंदर रखा लाखों रुपये का फल और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य दुकानों और गोदामों में आग फैलने से रोका जा सका। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया और व्यापारियों ने भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई है। पुलिस और नगर निगम के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है, लेकिन नुकसान का सही आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा। प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने गोदामों में सुरक्षा उपकरणों का उपयोग सुनिश्चित करें ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

