जशपुर, 13 नवम्बर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हाथियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। कांसाबेल वन परिक्षेत्र के केनाडांड़ गांव में बुधवार सुबह एक जंगली हाथी के हमले में 57 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी पांच साल की पोती गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतका देरेठिया बाई सुबह करीब 6 बजे अपने घर के पीछे बाड़ी में गई थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया। हाथी पहले से ही आक्रोशित अवस्था में था और उसने महिला पर अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हाथी ने देरेठिया बाई को सूंड से उठाकर पटक दिया और रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के समय उनकी छोटी पोती आरवी पन्ना भी वहीं मौजूद थी, जो हाथी के हमले में बुरी तरह घायल हो गई। बच्ची का पैर टूट गया और उसे तुरंत पत्थलगांव सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल बच्ची की स्थिति स्थिर है। ग्रामीणों का कहना है कि यह हाथी लगभग 27 हाथियों के झुंड से अलग हो गया था और पिछले दो दिनों से क्षेत्र में भटक रहा था। मंगलवार रात भी गांव के आसपास हाथी की आवाजें सुनाई दी थीं, लेकिन बुधवार सुबह वह सीधे रिहायशी इलाके में पहुंच गया और हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में भय और अफरातफरी का माहौल है। लोग अपनी सुरक्षा को लेकर घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और हाथी को जंगल की ओर खदेडऩे के प्रयास किए जा रहे हैं।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

