रायपुर, 13 नवम्बर (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के साइक्लिंग समुदाय के लिए गर्व का क्षण आया है। रायपुर रैंडोन्यूर्स से जुड़े साइक्लिस्ट सीए दल्लू जैन और जगन मोहन रेड्डी ने 600 किलोमीटर की कठिन राइड पूरी कर सुपर रैंडोन्यूर्स का सम्मान हासिल किया है।
रायपुर रैंडोन्यूर्स के संचालक दीपांशु जैन (‘द बाइसिकल हबÓ) ने बताया कि यह उपलब्धि 8 नवंबर को आयोजित बीआरएम 600 साइक्लिंग इवेंट में मिली। दोनों साइक्लिस्टों ने 600 किमी की दूरी 39 घंटे में तय की, जबकि अधिकतम समय सीमा 40 घंटे निर्धारित थी।
यह आयोजन ‘ब्रेवेट डी रैंडोन्यूर्स मोंडियाक्सÓ के तहत हुआ। इस श्रेणी में 200, 300, 400 और 600 किलोमीटर की राइड एक ही कैलेंडर वर्ष में सफलतापूर्वक पूरी करने पर साइक्लिस्ट को सुपर रैंडोन्यूर्स की उपाधि दी जाती है। 600 किलोमीटर की यह राइड रायपुर-सोहेला-रायपुर (400 किमी) और रायपुर-राजनांदगांव-रायपुर (200 किमी) मार्ग पर आयोजित की गई थी। इस दौरान दोनों साइक्लिस्टों ने घने जंगलों, ठंडी हवाओं और अंधेरी सड़कों के बीच अद्भुत सहनशक्ति और हिम्मत का प्रदर्शन किया। राइड पूरी होने के बाद रायपुर के मरीन ड्राइव पर शहर के सैकड़ों साइक्लिस्टों और परिजनों ने दोनों राइडर्स का फूलमालाओं और पुष्पगुच्छों से स्वागत किया। आयोजकों ने कहा कि यह उपलब्धि न सिर्फ इन साइकिल चालकों की व्यक्तिगत जीत है, बल्कि छत्तीसगढ़ में एंड्योरेंस साइक्लिंग संस्कृति को नई दिशा और प्रेरणा देगी।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

