धमतरी, 13 नवंबर (आरएनएस)। वनमंडल अंतर्गत उत्तर सिंगपुर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने जंगली सुअर के अवैध शिकार में संलिप्त सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गोपनीय सूचना के आधार पर वनगश्ती दल के द्वारा की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मूलगांव निवासी चित्रसेन भागवत कंवर (33 वर्ष), घांसीराम गोंड़, इन्दुराम गोंड़, कृष्णकुमार गोंड़, ओमप्रकाश गोंड़, परमानंद कंवर एवं रामकुमार नेताम को अनुसूची-एप के वन्यप्राणी जंगली सुअर का शिकार कर उसका मांस पकाते एवं विक्रय हेतु तैयार करते हुए पकड़ा गया। मौके से टीम ने चाकू, कुल्हाड़ी, पैसूल एवं अन्य उपकरण जब्त किए। मामले में आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय प्रथम श्रेणी व्यवहार न्यायालय कुरूद में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल धमतरी भेजा गया।
उक्त कार्रवाई संयुक्त वनमंडलाधिकारी मनोज विश्वकर्मा के निर्देशन में परिक्षेत्र अधिकारी पंचराम साहू, प्रशिक्षु वनक्षेत्रपाल रेणुका कुरेटी, उपवनक्षेत्रपाल मुकुंदराव वाहने, वनरक्षक चुरामन लाल पटेल एवं वन चौकीदार भुनेश्वर ध्रुव की टीम द्वारा की गई।
लोकेश
000

