रायपुर, 13 नवंबर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की 61.20 करोड़ रुपये की संपत्ति प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कुर्क कर ली है। जब्त संपत्तियों में 384 प्लॉट, 59.96 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और 1.24 करोड़ रुपये का बैंक बैलेंस शामिल है। यह कार्रवाई रायपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के द्वारा 10 नवंबर 2025 को धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की गई है।
ईडी के अनुसार कुर्क की गई संपत्तियों में 364 आवासीय और कृषि भूखंडों के रूप में 59.96 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति, जबकि बैंक बैलेंस और एफडी के रूप में 1.24 करोड़ रुपये की चल संपत्ति शामिल है।
इससे पहले इसी मामले में पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, अरविंद सिंह, त्रिलोक सिंह ढिल्लों, अनवर ढेबर, अरुण पति त्रिपाठी (आईटीएस) और तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा की संपत्तियां भी कुर्क की जा चुकी हैं।
बता दें कि ईडी ने चैतन्य बघेल को 18 जुलाई 2025 को गिरफ्तार किया था। फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं।
ईडी के मुताबिक, चैतन्य बघेल की संपत्ति की यह ताजा कुर्की पहले की 215 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों की कार्रवाई का ही हिस्सा है। एजेंसी ने कहा है कि जांच अभी जारी है।
लोकेश
000

