राजनांदगांव, 17 मई (आरएनएस)। प्राथमिक स्कूल की बाउंड्री के पास खुलेआम शराब बेच रहे आरोपी पर चिखली पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि इलाके में अवैध कारोबारियों और बदमाशों में हड़कंप मच गया, पुलिस ने न सिर्फ शराब तस्कर को दबोचा बल्कि अशांति फैलाने वाले दो युवकों को भी उठाकर सीधे अदालत पहुंचा दिया। राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध शराब, गांजा कारोबारियों, गुंडा-बदमाशों और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 17 मई 2026 को चौकी चिखली पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बोईरडीह प्राथमिक शाला भवन की बाउंड्री के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही चौकी चिखली पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और मौके पर उगेश पारधी पिता संतलाल पारधी उम्र 33 वर्ष निवासी बोईरडीह ओपी चिखली जिला राजनांदगांव को रंगे हाथों शराब बेचते पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 43 पौवा सवा शेरा देशी शराब कुल 7.740 बल्क लीटर कीमत लगभग 3440 रुपये और बिक्री रकम 200 रुपये बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर शराब और रकम जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी आबकारी एक्ट के मामले दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इसी दौरान पुलिस ने आम जनता की शिकायतों पर अलग-अलग टीम बनाकर क्षेत्र में पेट्रोलिंग की और झगड़ा-विवाद कर अशांति फैला रहे दो बदमाशों युधिष्टिर राजपूत उम्र 24 वर्ष निवासी रमन बाजार चिखली तथा अरविंद यादव उम्र 25 वर्ष निवासी भरकापारा राजनांदगांव के खिलाफ भी धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, प्रधान आरक्षक अरुण नेताम, महिला प्रधान आरक्षक वंदन पटले, आरक्षक आदित्य सोलंकी, गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी और चिखली पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही। फिलहाल, चिखली पुलिस की लगातार कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि इलाके में शराब माफिया और हुड़दंगियों के लिए अब कोई जगह सुरक्षित नहीं बची है और कानून तोडऩे वालों पर पुलिस का डंडा लगातार चलने वाला है।
०


