रायपुर, 17 मई (आरएनएस)। भाठागांव की एक चाय दुकान के बाहर मामूली बातचीत अचानक खूनी झड़प में बदल गई, चाकू, बेल्ट और डंडे चले, सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पूरा इलाका दहशत में आ गया, लेकिन पुरानी बस्ती पुलिस ने चंद घंटों के भीतर दोनों पक्षों के सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल पहुंचाकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। रायपुर के भाठागांव क्षेत्र में 17 मई 2026 की सुबह डायल-112 को सूचना मिली कि दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही थाना पुरानी बस्ती पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची जहां दोनों पक्षों के लोग घायल अवस्था में मिले। घटना में चाकू से हमला होने की भी पुष्टि हुई, जिसके बाद घायलों को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्ष चाय दुकान के पास रुके हुए थे और सामान्य बातचीत के दौरान अचानक विवाद भड़क गया। कुछ ही मिनटों में बहस हिंसक झगड़े में बदल गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकू, बेल्ट और डंडों से हमला कर दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों पक्षों के आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पहले पक्ष में अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत धारा 109(1), 296, 115(2), 351(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत सैयद अनीस अली पिता हनीश अली उम्र 30 वर्ष निवासी शक्ति माता मंदिर के पीछे सुभाष नगर थाना पुरानी बस्ती रायपुर, सोहेल खान पिता सिराजुद्दीन खान उम्र 22 वर्ष निवासी दीप्ति किराना स्टोर्स के पास सुभाष नगर कुकरीपारा थाना पुरानी बस्ती रायपुर तथा शेख फैजल पिता शेख बाबू उम्र 30 वर्ष निवासी गौतम नगर थाना आजाद चौक रायपुर को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की गई। वहीं दूसरे पक्ष में अपराध क्रमांक 217/2026 के तहत शिवम शर्मा पिता प्रमोद शर्मा उम्र 24 वर्ष निवासी करण नगर न्यू चांगोरभाठा थाना डीडी नगर रायपुर, करण सिंह ठाकुर पिता विकास सिंह ठाकुर उम्र 22 वर्ष निवासी संतोषी चौक कुशालपुर थाना पुरानी बस्ती रायपुर, परमेश्वर वैष्णव पिता बलराम दास वैष्णव उम्र 20 वर्ष निवासी भाठागांव थाना पुरानी बस्ती रायपुर और पुरुषोत्तम उर्फ पतालु ध्रुव पिता दिलीप ध्रुव उम्र 42 वर्ष निवासी गणेश चौक भाठागांव थाना पुरानी बस्ती रायपुर को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से चाकू, बेल्ट और डंडा बरामद कर जब्त किया गया। पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन संदीप पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने अंजाम दी। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बहरहाल, रायपुर पुलिस की इस तेज कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि सड़क पर गुंडागर्दी और खूनी विवाद करने वालों के लिए अब कानून का शिकंजा और ज्यादा कड़ा होने वाला है।
०


