कबीरधाम 17 मई (आरएनएस) थाना परिसर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना एक युवक को इतना भारी पड़ गया कि पुलिस ने उसे सीधे थाने बुलाकर पूछताछ की, गलती का एहसास होने पर युवक ने लिखित माफी मांगी और भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने का वादा किया। मामला कबीरधाम जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां आयान खान नाम के युवक द्वारा थाना परिसर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया था। वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही थाना कोतवाली पुलिस हरकत में आई और मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक की पहचान कर उसे तत्काल थाना बुलाया गया। पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि उसने बिना किसी गलत मंशा के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था, लेकिन बाद में उसे अपने कृत्य की गंभीरता का एहसास हुआ। इसके बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित रूप से माफी पेश की और भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने युवक को समझाइश देते हुए साफ कहा कि थाना परिसर और पुलिस व्यवस्था की गरिमा बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सोशल मीडिया के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री साझा करने से बचना चाहिए। कबीरधाम पुलिस ने खासकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी के साथ करें, क्योंकि पुलिस लगातार ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख रही है और किसी भी संदिग्ध या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला उन युवाओं के लिए बड़ी सीख बन गया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने की जल्दबाजी में कानून और मर्यादा की सीमाएं भूल जाते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

