बिलासपुर 17 मई (आरएनएस) रात के अंधेरे में दुकानों के शटर तोड़कर नकदी उड़ाने वाला शातिर चोर महीनों तक हरियाणा और दमन में लोकेशन बदल-बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा, लेकिन जैसे ही बिलासपुर लौटा, तोरवा पुलिस ने उसे घेराबंदी कर धर दबोचा और पूछताछ में चोरी, लूट और बाइक चोरी की कई सनसनीखेज वारदातों का खुलासा हो गया। बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 370/2025 के तहत पुलिस ने 20 वर्षीय नैतिक उर्फ गणेश उर्फ चुचरू प्रधान पिता मनोज प्रधान निवासी पावर हाउस धान मंडी के पास, थाना तोरवा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बीएनएस की धारा 331(4), 305(A) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। मामला 26 जुलाई 2025 की दरमियानी रात का है, जब पावर हाउस चौक स्थित धरमदास धमोचा की किराना दुकान का शटर तोड़कर करीब 10 से 12 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। शिकायत मिलते ही तोरवा पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की घंटों फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक चोरी करते दिखाई दिए, जिनमें से एक की पहचान नैतिक प्रधान के रूप में सामने आई। पुलिस उसके घर पहुंची तो पता चला कि वह घटना के बाद से फरार है। इसके बाद साइबर सेल की मदद से आरोपी की मोबाइल लोकेशन ट्रैक की गई, जो लगातार हरियाणा और दमन में बदलती मिली। पुलिस को भनक लगी कि आरोपी कुछ दिन पहले वापस बिलासपुर लौटा है। 16 मई 2026 को अड्डाबाजी चेकिंग के दौरान मिली सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने तोरवा चोरी की वारदात कबूल कर ली। इतना ही नहीं, आरोपी ने खुलासा किया कि छत्तीसगढ़ लौटने के बाद उसने अपने साथी के साथ अकलतरा क्षेत्र में तीन दुकानों के ताले तोड़े और कपड़ा दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने चोरी किए गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी ने एक मोटरसाइकिल चोरी और अकलतरा रेलवे स्टेशन से मोबाइल लूट की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि तोरवा से चोरी की गई रकम साथियों के साथ बांटकर खर्च कर दी गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी था। पुलिस ने आरोपी को 17 मई 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अब पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है, जबकि जांजगीर पुलिस भी आरोपी से अलग से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी। फिलहाल तोरवा पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अपराध कर प्रदेश बदलने वाले बदमाश भी कानून की पकड़ से ज्यादा दिन दूर नहीं भाग सकते।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

