दुर्ग, 11 जून (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस ने अवैध गुटका निर्माण और पैकेजिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना अंडा क्षेत्र में संचालित दो अवैध इकाइयों का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से भारी मात्रा में कच्चा माल, मशीनें, पैकेजिंग सामग्री और तैयार गुटका उत्पाद जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कुथरेल और अंडा क्षेत्र में अवैध रूप से गुटका निर्माण एवं पैकेजिंग का कार्य संचालित किया जा रहा है। सूचना के बाद थाना अंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दोनों स्थानों पर दबिश दी। जांच के दौरान गुटका निर्माण में प्रयुक्त रसायन, कच्चा माल, पैकेजिंग सामग्री, मशीनें तथा बड़ी मात्रा में तैयार और अद्र्धनिर्मित उत्पाद बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में बिना किसी वैधानिक अनुमति के गुटका निर्माण और पैकेजिंग का कारोबार संचालित किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने समस्त सामग्री जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बिरेन्द्र तिवारी, सुभाष कुमार गौतम, सुनील कुमार राजपूत, करण राजपूत, राजू मस्ताना, राजकुमार यादव, रमेश कुमार निषाद, सतेन्द्र कुमार यादव, सोनू यादव और बसंत राजपूत शामिल हैं। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना अंडा में अपराध क्रमांक 63/2026 और 64/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 3(5) तथा कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गुटका निर्माण और पैकेजिंग का कारोबार चला रहे थे। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि स्वास्थ्य के लिए हानिकारक और अवैध उत्पादों के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
०


