बलरामपुर-रामानुजगंज, 13 जून (आरएनएस)। थाना कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस रोककर चालक एवं कंडक्टर के साथ मारपीट कर लूट करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जप्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 जून 2026 को दलधोवा घाट स्थित शिव मंदिर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोती श्री बस को रोककर आरोपियों ने बस चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट की तथा लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी बोलेरो वाहन से फरार हो गए थे। मामले की रिपोर्ट पर थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 93/2026 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू की गई। प्रारंभिक कार्रवाई में मुख्य आरोपी जितेन्द्र गुप्ता को थाना पटना, जिला एमसीबी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए अपने अन्य साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने प्रिंस कुमार दूबे, चंचलेश मंडल उर्फ बिट्टू और दिनेश कुमार उर्फ निरहुआ को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में जितेन्द्र गुप्ता (30 वर्ष), प्रिंस कुमार दूबे (27 वर्ष), चंचलेश मंडल उर्फ बिट्टू (21 वर्ष) और दिनेश कुमार उर्फ निरहुआ (20 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र गुप्ता के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक यूपी-64-एटी-6717 को भी जप्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
०



