मसपुर-गुडरापाल जंगल में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, हथियारों का डंप बरामद
नारायणपुर, 17 जून (आरएनएस)। जिले के मसपुर-गुडरापाल जंगल क्षेत्र में चलाए गए विशेष सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बीएसएफ की 133वीं वाहिनी की ‘ईÓ कंपनी ने जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार एवं अन्य सामग्री के डंप को बरामद किया है। बरामद सामग्री में बीजीएल लॉन्चर, बीजीएल गन, 12 बोर राइफल और गोला-बारूद शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 जून 2026 को कैंप मसपुर से आसपास के वन क्षेत्रों में विशेष सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों की टीम मसपुर-गुडरापाल जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी कर रही थी। इसी दौरान जवानों को जंगल के भीतर एक संदिग्ध स्थान दिखाई दिया। क्षेत्र की घेराबंदी कर सावधानीपूर्वक तलाशी लेने पर वहां छिपाकर रखा गया हथियार एवं अन्य सामग्री का डंप बरामद हुआ।
सुरक्षा बलों द्वारा बरामद सामग्री में एक देसी बीजीएल लॉन्चर, सात बीजीएल गन, एक 12 बोर राइफल, 37 नग 12 बोर राउंड, 15 मीटर वायर तथा पांच पोच शामिल हैं। सभी सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि उक्त हथियार और सामग्री को पहले से जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखा गया था। सुरक्षा बलों की सतर्कता और लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियानों के चलते इस डंप का पता लगाया जा सका।
गौरतलब है कि 31 मार्च 2026 को नारायणपुर जिले को नक्सलमुक्त घोषित किए जाने के बाद भी पुलिस और सुरक्षा बल दूरस्थ वन क्षेत्रों में नियमित रूप से सर्च अभियान चला रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों, विस्फोटक सामग्रियों और अन्य संसाधनों की बरामदगी सुनिश्चित करना तथा जिले में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना है।
पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए संयुक्त सर्च अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
०


