महासमुंद, 18 जून (आरएनएस)। अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ व्यापक कार्रवाई करते हुए 97 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। इस दौरान शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण और सामग्री भी बरामद की गई तथा छह आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद के निर्देश पर बागबाहरा, सरायपाली, पिथौरा, कोमाखान और खल्लारी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों का गठन कर सुबह-सुबह छापेमारी की गई। ग्राम हरनादादर, केन्दूढार, गिरना, सुखीपाली, डुमरूपाली और खैरटकला सहित कई गांवों में पुलिस ने दबिश देकर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की।
सबसे बड़ी कार्रवाई थाना खल्लारी क्षेत्र के ग्राम पचेड़ा और कुर्रूभाटा में की गई, जहां 50 से 60 पुलिसकर्मियों की टीम ने 10 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। कुर्रूभाटा के जंगल क्षेत्र में नदी किनारे ड्रमों में भरकर जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
थाना बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम हरनादादर में पुलिस ने आरोपी खिलेश्वर बांधे के कब्जे से 60 लीटर महुआ शराब, दो गैस सिलेंडर, चूल्हा तथा शराब बनाने में उपयोग होने वाले बर्तन जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 15,500 रुपये आंकी गई है। वहीं घासीनगर बागबाहरा में आरोपी आनंद राम पुराना के कब्जे से 7 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कुल 97 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 19,400 रुपये है, जब्त की गई। इसके अलावा शराब निर्माण में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, चूल्हा और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक जिलेभर में 8,907.195 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कुल कीमत 24 लाख 49 हजार 809 रुपये आंकी गई है। अभियान की शुरुआत से अब तक आबकारी अधिनियम के तहत 683 प्रकरण दर्ज कर 772 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
०


