राजनांदगांव, 20 जून (आरएनएस)। जिले के मनगटा स्थित विशलिंगवुड्स रिसोर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिसोर्ट संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर रिसोर्ट को भी सील कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर रिसोर्ट संचालक आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु, छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख और घनश्याम बेलचंदन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 (बलात्कार), 115(2) (गंभीर चोट पहुंचाना) और 3(5) (साझा आपराधिक मंशा) के तहत अपराध कायम किया गया है।
जांच में सामने आया कि 17 जून को आरोपी युवती के साथ रायपुर गए थे, जहां पार्टी करने के बाद सभी देर रात मनगटा स्थित रिसोर्ट पहुंचे। पुलिस के मुताबिक इस दौरान युवती को शराब पिलाई गई। आरोप है कि युवती के नशे की हालत में होने पर रिसोर्ट संचालक ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिससे उसे गंभीर चोटें भी आईं।
अगली सुबह 18 जून को युवती का शव रिसोर्ट के बाथरूम में मिला। घटना के बाद सभी आरोपी घबरा गए और वहां से फरार हो गए। मामले की जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
मामले में पुलिस ने आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26 वर्ष), निवासी बुचीभरदा, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव,छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25 वर्ष), निवासी टेड़ेसरा गुड़ीपारा, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव तथा घनश्याम बेलचंदन (25 वर्ष), निवासी निकुम बाजारपारा, थाना अण्डा, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया है
०००


