रायपुर, 23 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। नई उद्योग नीति के तहत नया रायपुर में टेक्सटाइल पार्क स्थापित किया जाएगा, जिसका शुभारंभ 25 जून को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इसकी जानकारी उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित सहयोग केंद्र में दी।
मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रदेश में लगातार नए उद्योगों की स्थापना की जा रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ में अधिक से अधिक उद्योग स्थापित हों, जिससे प्रदेश के युवाओं और श्रमिकों को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। टेक्सटाइल पार्क की स्थापना से न केवल निवेश बढ़ेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इस दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन ने भाजपा के सहयोग केंद्र में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं। सहयोग केंद्र में करीब 60 से 70 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं। मंत्री ने कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजने की बात कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा नियमित रूप से सहयोग केंद्र आयोजित किए जाते हैं, जहां आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया जाता है।
०


