गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 23 जून (आरएनएस)। मरवाही थाना क्षेत्र में हुए अपहरण और फिरौती के मामले का पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर खुलासा करते हुए अपहृत गिरीश यादव को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में तीन अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 20 जून 2026 की सुबह ग्राम उषाढ़ निवासी 41 वर्षीय गिरीश यादव का दो अज्ञात व्यक्तियों ने पिस्टल दिखाकर उनके घर से अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने उन्हें एक बलेनो कार में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए थे। घटना की रिपोर्ट गिरीश यादव की पत्नी ने थाना मरवाही में दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण, फिरौती और आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जिला साइबर सेल और मरवाही पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने डिजिटल ट्रैकिंग, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, टॉवर लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान अपहर्ताओं ने गिरीश यादव के घर में छूटे मोबाइल पर कॉल कर उन्हें छोडऩे के बदले 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग की और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अंतरराज्यीय समन्वय के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर विभिन्न राज्यों में टीम रवाना की, जिसके बाद अपहृत को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने मामले में महाराष्ट्र के लातूर निवासी पुंडलिक केंद्रे, राजस्थान के जोधपुर निवासी चंद्रशेखर और उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद निवासी शेषपाल सिंह को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा नीली बत्ती और ‘पुलिसÓ लिखी प्लेट लगी एक स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा विस्तृत पूछताछ के आधार पर आगे की जांच की जा रही
०


