रायपुर, 23 जून (आरएनएस)। रायपुर ग्रामीण पुलिस को पहली बार पुलिस लाइन प्रभारी (रक्षित निरीक्षक) मिल गया है। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए रक्षित निरीक्षक वैभव मिश्रा को रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस बल और संसाधनों के प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी है।
जारी आदेश के अनुसार, रक्षित निरीक्षक वैभव मिश्रा को पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण के क्षेत्राधिकार में वीआईपी भ्रमण, कानून व्यवस्था संबंधी ड्यूटी और अन्य विशेष अवसरों पर पुलिस बल एवं आवश्यक संसाधनों के समन्वय और प्रबंधन के लिए पदस्थ किया गया है।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि वैभव मिश्रा सहायक पुलिस आयुक्त लाइन नीलेश द्विवेदी के पर्यवेक्षण में कार्य करेंगे।
अब तक रायपुर पुलिस लाइन से ही पुलिस कमिश्नरेट और रायपुर ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराया जाता था। लेकिन रायपुर ग्रामीण के लिए अलग से रक्षित निरीक्षक की नियुक्ति के बाद शहरी और ग्रामीण पुलिसिंग व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा।
पुलिस विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में कानून व्यवस्था, वीआईपी ड्यूटी और विशेष अवसरों पर पुलिस बल की तैनाती अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
०


