बिलासपुर, 24 जून (आरएनएस)। दयालबंद क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति, सास-ससुर और ननद सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की शिकायत एसएसपी से की गई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ग्राम मधुपुर निवासी अखिलेश कुमार ने बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह को शिकायत सौंपकर बताया कि उनकी बहन अदिति मौर्या का विवाह वर्ष 2019 में दयालबंद निवासी रविकांत मौर्या के साथ हुआ था। दंपति का डेढ़ वर्ष का एक बच्चा भी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 23 जून को अदिति मौर्या के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया और शव को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के भाई ने पति रविकांत मौर्या, सास-ससुर और ननद पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने सभी आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
०


