0 सरकार ने 80 घरों पर चलाया था बुलडोजर
0 गांव में ही पुनर्वास की मांग
रायपुर, 01 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के लिए करीब 80 मकानों पर बुलडोजर चलाए जाने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। प्रभावित परिवारों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गांव में ही पुनर्वास की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। कई महिलाएं अपनी पीड़ा बयां करते हुए भावुक हो गईं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने बिना उचित पुनर्वास के उनके आशियाने उजाड़ दिए। उन्होंने कलेक्टर, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक अनुज शर्मा के खिलाफ भी नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके बड़े परिवारों में 15 से 20 सदस्य हैं, लेकिन बदले में केवल एक कमरे का फ्लैट दिया जा रहा है, जिसमें रहना संभव नहीं है। उनका कहना है कि उन्होंने वर्षों की मेहनत और जीवनभर की जमा-पूंजी से अपने घर बनाए थे, जिन्हें एक झटके में तोड़ दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि चुनाव के समय वोट मांगने वाले जनप्रतिनिधियों को तब यह याद क्यों नहीं आया कि वे कथित रूप से अवैध कब्जाधारी हैं। उन्होंने मांग की कि उन्हें उनके ही गांव में सम्मानजनक तरीके से पुनर्वास कर नए मकान उपलब्ध कराए जाएं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
०००


