रायपुर, 02 जुलाईं (आरएनएस)। रायपुर पुलिस ने देशभर के महंगे होटलों को निशाना बनाकर ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय शातिर आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने देश के 10 से अधिक राज्यों में 300 से ज्यादा फाइव स्टार और लग्जरी होटलों में ठगी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बिंगसन जॉन (69 वर्ष) तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले का निवासी है। उसके खिलाफ मेट्रो शहरों समेत देश के विभिन्न राज्यों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी लगभग 15 वर्ष तक देश की अलग-अलग जेलों में बंद रह चुका है और वर्ष 1996 में पहली बार तिहाड़ जेल गया था।
मामला रायपुर के थाना तेलीबांधा क्षेत्र स्थित होटल हयात का है। होटल के सुरक्षा प्रभारी सूरज सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी 25 जून को होटल में रुका था और 27 जून की सुबह बिना चेक-आउट किए फरार हो गया। वह होटल का 63,755 रुपये का बिल चुकाए बिना चला गया और होटल द्वारा उपलब्ध कराया गया करीब 1.48 लाख रुपये कीमत का लैपटॉप भी अपने साथ ले गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन ओडिशा के भुवनेश्वर में मिली, जहां दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद को विदेशी पर्यटकों का गाइड, अंग्रेजी शिक्षक और योग शिक्षक बताकर महंगे होटलों में ठहरता था। होटल की सुविधाओं का उपयोग करने के बाद वह बिल चुकाए बिना फरार हो जाता और होटल का कीमती सामान भी साथ ले जाता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह कुख्यात ठग चाल्र्स शोभराज से प्रभावित था और उसी की तर्ज पर वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से होटल का लैपटॉप बरामद कर लिया है। उसके खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 284/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
०


