रायपुर, 02 जुलाईं (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए रायपुर यातायात पुलिस का ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 1 जुलाई की रात शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर चलाए गए विशेष जांच अभियान में 39 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए।
यातायात पुलिस के अनुसार, सहायक पुलिस आयुक्त सतीष कुमार ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर मशीनों से जांच की गई। जांच के दौरान 27 कार, 3 पिकअप, 7 ट्रक/मेटाडोर और 2 दोपहिया वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते पाया गया। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने बताया कि वर्षभर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक कुल 3633 ड्रंक एंड ड्राइव मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
पुलिस के अनुसार, शराब के नशे में वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता, प्रतिक्रिया समय और वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। जरूरत पडऩे पर सार्वजनिक परिवहन, टैक्सी या परिवार के अन्य सदस्य की सहायता लें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त रायपुर बनाने में सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
०




