बलौदाबाजार-भाटापारा, 02 जुलाईं (आरएनएस)। कसडोल थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद डायल-112 पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से दो गंभीर रूप से घायल युवकों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया। पुलिस की मुस्तैदी की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि बरघाट-असनींद मोड़ के पास एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई है, जिससे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सूचना मिलते ही डायल-112 (कसडोल बाज-01) में तैनात आरक्षक आशुतोष बंजारे और चालक नेतराम पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर एक युवक बेहोश मिला, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा था।
पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए दोनों घायलों सुरेंद्र तिवारी (निवासी कसडोल) और राकेश महंत (निवासी भोपाल, मध्य प्रदेश) को सुरक्षित डायल-112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसडोल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका तत्काल उपचार शुरू किया।
पुलिस ने कहा कि सड़क हादसों में घायल लोगों को ‘गोल्डन ऑवरÓ के भीतर अस्पताल पहुंचाना जीवन बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। समय पर मिली चिकित्सा सहायता से दोनों घायलों का इलाज शुरू हो सका।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि मोड़ों पर वाहन की गति नियंत्रित रखें और यातायात नियमों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस की सहायता लें।
०





