रायपुर,02 जुलाई (आरएनएस)। मुख्यमंत्री निर्धन कन्या विनवाह योजना और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीदी में कथित अनियमितताओं की शिकायतों के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालनालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। गुरुवार को इंद्रावती भवन स्थित संचालनालय से जारी आदेश के अनुसार विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों का नया कार्य विभाजन किया गया है। नया आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
फेरबदल के तहत आईसीडीएस शाखा की जिम्मेदारी अपर संचालक अर्चना राणा सेठ को सौंपी गई है। उप संचालक अभय कुमार देवांगन की जगह युवानंद खुंटे और रजनीश कोरे को जिम्मेदारी दी गई है। सहायक संचालक के रूप में समीर सोरभ और सनमान असरोरी कार्य करेंगे। शाखा में कई पर्यवेक्षकों और सहायक ग्रेड के कर्मचारियों की भी नई तैनाती की गई है।
मिशन वात्सल्य शाखा में अपर संचालक अर्चना राणा सेठ और उप संचालक नीलम देवांगन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं स्थापना एवं न्यायालयीन प्रकरण शाखा का प्रभार भी अर्चना राणा सेठ के पास रहेगा। इस शाखा में उप संचालक श्रुति पी. नेरकर और ममता साहू, जबकि सहायक संचालक कनकवला राम होंगी।
प्रशिक्षण एवं जनसंपर्क शाखा की जिम्मेदारी भी अर्चना राणा सेठ को दी गई है। यहां उप संचालक के रूप में युवानंद खुंटे और अधीक्षक ललित कुमार उइके कार्य करेंगे।
वहीं महिला सशक्तिकरण शाखा की जिम्मेदारी संयुक्त संचालक सीएस लाल को सौंपी गई है। उप संचालक आनंद प्रकाश कश्यप होंगे, जबकि आईसीडीएस शाखा से हटाए गए अभय कुमार देवांगन को इसी शाखा में पदस्थ किया गया है। सहायक संचालक के रूप में ममता भगत और शिवकुमार सोनी कार्यभार संभालेंगे।
विभाग का कहना है कि संचालनालय की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह नया कार्य विभाजन किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
०



