बलौदाबाजार, 03 जुलाईं (आरएनएस)। जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने शुक्रवार को कबाड़ी दुकानों में विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में संचालित कबाड़ी दुकानों की औचक चेकिंग कर दस्तावेजों की जांच की गई तथा संदेहास्पद सामानों का सत्यापन किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कबाड़ व्यवसायियों के व्यावसायिक लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही दुकानों में रखे कबाड़ का मिलान कर यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं चोरी का माल या प्रतिबंधित सामग्री तो नहीं रखी गई है।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने सभी कबाड़ी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि वे बिना वैध पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) के किसी भी अज्ञात व्यक्ति से कबाड़ या अन्य सामान की खरीद नहीं करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति सामान बेचने आता है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना पुलिस को दें।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने कहा कि अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी के माल की खरीदी-बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले तथा बिना अनुमति के कबाड़ कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस के अनुसार इस औचक अभियान से अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और चोरी के मामलों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
०





