गरियाबंद, 03 जुलाईं (आरएनएस)। देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गरियाबंद पुलिस ने जिलेभर में एकता वृक्षारोपण अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों के स्कूलों में पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने मिलकर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
अभियान का उद्देश्य सरदार पटेल के राष्ट्रीय एकता और अखंडता के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधा, उसी प्रकार सभी नागरिकों को मिलकर प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न शासकीय और निजी विद्यालयों में छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया, ताकि ये पौधे भविष्य में पर्यावरण को समृद्ध बनाने में योगदान दे सकें।
गरियाबंद पुलिस ने इस पहल को सामुदायिक पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और समाज के बीच विश्वास मजबूत होता है। वृक्षारोपण अभियान में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
०



