सारंगढ़-बिलाईगढ़ 4 जुलाई (आरएनएस) अपराध जांच की रफ्तार अब कागजी प्रक्रिया नहीं, डिजिटल तकनीक तय करेगी। छत्तीसगढ़ पुलिस ने आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के विवेचकों को हाई-टेक स्मार्ट फोन उपलब्ध कराए हैं। इस पहल का उद्देश्य जांच प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और तकनीकी रूप से अधिक प्रभावी बनाना है, जिससे अपराधों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सहायक उप निरीक्षक से लेकर निरीक्षक स्तर तक के सभी विवेचकों को स्मार्ट फोन वितरित किए गए। इन उपकरणों की मदद से अब विवेचक घटनास्थल से ही फोटो, वीडियो, गवाहों के बयान, जब्ती पत्रक और अन्य डिजिटल साक्ष्य सीधे पुलिस डेटाबेस में अपलोड कर सकेंगे। इससे केस डायरी तैयार करने और साक्ष्यों के सुरक्षित संग्रहण की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और व्यवस्थित होगी।
नई व्यवस्था के तहत पुलिस अधिकारियों को CCTNS और ICJS जैसी डिजिटल प्रणालियों का भी सीधा लाभ मिलेगा। इससे अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड तत्काल खंगाला जा सकेगा और डिजिटल साक्ष्यों के साथ केस डायरी बिना देरी न्यायालय में प्रस्तुत की जा सकेगी। पुलिस का मानना है कि तकनीक के उपयोग से जांच की गुणवत्ता बढ़ेगी और न्यायिक प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी बनेगी।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी स्नेहिल साहू, डीएसपी मुख्यालय संतोषी ग्रेस सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और विवेचक उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने डिजिटल पुलिसिंग को अपराध नियंत्रण और बेहतर कानून व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
गौरतलब, छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा दे रही है। फिलहाल, स्मार्ट फोन से लैस हुई सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस अब तेज जांच, मजबूत साक्ष्य और त्वरित न्याय की दिशा में नई रफ्तार के साथ आगे बढ़ने को तैयार है।




