कबीरधाम 10 जुलाई (आरएनएस) अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देते हुए कबीरधाम पुलिस ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर न्यू पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र परिसर में “एकता वृक्षारोपण अभियान” चलाया। साप्ताहिक जनरल परेड के समापन के बाद पुलिस अधिकारियों, जवानों और विद्यार्थियों ने मिलकर 300 पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत हर शुक्रवार की तरह आयोजित जनरल परेड से हुई। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने परेड की सलामी लेकर पुलिस बल की वर्दी, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और कार्यकुशलता का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को समयपालन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का संदेश देते हुए कहा कि अनुशासित और संवेदनशील पुलिस ही समाज का विश्वास मजबूत कर सकती है।
इसके बाद सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित वृक्षारोपण अभियान में पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) कृष्ण कुमार चंद्राकर, एसडीओपी भूपत सिंह धनेश्वरी, रक्षित निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट और स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस दौरान परिसर और आसपास के निर्धारित स्थलों पर कुल 300 पौधे लगाए गए। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। उनकी 150वीं जयंती पर लगाया गया प्रत्येक पौधा केवल हरियाली बढ़ाने का प्रयास नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी से किया जाए। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो स्वच्छ, हरित और समृद्ध भारत का सपना साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरित भविष्य के निर्माण के लिए लगाए गए पौधों की देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया।
कबीरधाम पुलिस का यह अभियान सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को सार्थक श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता और जनभागीदारी का प्रभावी संदेश देने वाला प्रेरणादायी आयोजन बनकर सामने आया।










