रायपुर, 18 जुलाईं (आरएनएस)। रायपुर नगर निगम के जोन-7 में शनिवार को जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जोन अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य भोलाराम साहू, दीपक जायसवाल, पार्षदगण एवं निगम अधिकारियों ने स्वच्छता, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, विकास कार्यों और राजस्व बढ़ाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक शनिवार को जोन के एक वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जोन के सभी सात वार्डों से प्रत्येक वार्ड के पांच-पांच सफाई कर्मियों को मिलाकर 35 सदस्यीय विशेष सफाई दल गठित किया जाएगा, जो चयनित वार्ड में व्यापक सफाई अभियान चलाएगा।
मौसमी बीमारियों की रोकथाम पर रहेगा फोकस
मानसून को देखते हुए वार्डवासियों को मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने, मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नियमित सफाई कराने का निर्णय लिया गया।
लापरवाह ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए तय किया गया कि कार्यादेश जारी होने के बाद भी समय पर कार्य शुरू नहीं करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें नगर निगम की काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में शामिल किया जाएगा।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती
जोन-7 के सभी वार्डों में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर सख्ती से प्रतिबंध लागू कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने का निर्णय भी लिया गया।
राजस्व बढ़ाने के लिए कई फैसले
बैठक में निगम की आय बढ़ाने के लिए विज्ञापन बोर्ड लगाने हेतु सर्वे में चिन्हित स्थानों को मंजूरी दी गई। साथ ही आमानाका वेंडिंग जोन को किसी बड़ी विज्ञापन एजेंसी के माध्यम से विकसित करने तथा सीएसआर फंड से एक वेंडिंग जोन विकसित करने पर सहमति बनी।
इसके अलावा जोन के सभी वार्डों में स्ट्रीट वेंडर्स का सर्वे जल्द पूरा कराने तथा सी एंड डी वेस्ट, ग्रीन नेट का उपयोग नहीं करने, सड़क बाधित करने और गंदगी फैलाने के मामलों में नियमानुसार जुर्माना लगाकर राजस्व बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस सहित नगर निगम जोन-7 के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
०


