सरगुजा, 20 जुलाई (आरएनएस) । छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम झरगांव में हुआ, जहां धान की सिंचाई के दौरान 41 वर्षीय किसान रतन पैंकरा बिजली की चपेट में आ गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत में मोटर पंप चलाने के लिए कथित तौर पर अवैध बिजली हुकिंग की गई थी। इसी दौरान किसान नंगे बिजली के तार के संपर्क में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।बताया जा रहा है कि किसान देर रात तक घर नहीं लौटे, जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अगले दिन दोपहर उनका शव खेत में मिला। घटना की
सूचना मिलने पर बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं बिजली विभाग ने भी घटना की जांच के आदेश दिए हैं। विभाग का कहना है कि यदि जांच में अवैध बिजली हुकिंग की पुष्टि होती है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
०००


